उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने किया ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग

उत्तराखण्ड
5 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री ने किया ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र गोसीकुआ भुडाई खटीमा में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर आम जनमानस द्वारा पुष्पवर्षा एवं सांस्कृतिक लोकनृत्य के माध्यम से मुख्यमंत्री का भव्य आत्मीय स्वागत किया गया। निदेशक बंशी लाल राणा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास द्वारा पुष्प पौधा भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों को दुलार कर संवाद किया, उनके मन की बात जानी, उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसा तथा उनके साथ बैठकर आत्मीयता के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने गोदभराई रस्म में प्रतिभाग कर गर्भवती महिलाओं को आशीर्वाद दिया तथा उन्हें 10 पौष्टिक आहार सामग्री की किट वितरित की। इसके उपरांत 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने 05 नन्हे बच्चों का अपने हाथों से अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने 09 आंगन बाड़ी कार्यकत्री व 02 आशा कार्यकत्री को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के सभी वर्गों और राष्ट्रहित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं तथा कर्मयोगी एवं साधक के रूप में उनका कार्य और समर्पण अतुलनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। राज्य में 35 हजार नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं तथा नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष रोजगार की दिशा में नई राह दिखाई गई है।

उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम सेवा, स्नेह और संवाद को हर व्यक्ति एवं हर घर तक पहुंचाने का माध्यम है। प्रदेशभर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पोषण देने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य, संस्कार और सर्वांगीण विकास की नींव तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं।

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों की देखभाल के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके स्वयं के बच्चे भी नगला तराई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। महालक्ष्मी किट योजना, पोषण योजनाओं और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से माताओं एवं बच्चों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बर्थ वेटिंग होम की व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर गर्भवती महिलाओं के लिए हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती माताओं एवं नवजात शिशुओं का पालन-पोषण करने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि उन्हें आवश्यक पोषण मिल सके।उन्होंने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान बच्चे को पौष्टिक आहार, उचित देखभाल और संस्कार मिलें तो उसका स्वस्थ एवं मजबूत भविष्य सुनिश्चित होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के पोषण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के अच्छे पोषण, बेहतर स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास के केंद्र बनें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने और बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सेवा भावना एवं समर्पण को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार, समाज और परिवार तीनों मिलकर माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी निभाते हैं, तो स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड की नींव और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विकल्परहित संकल्प है कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी,दर्जा मंत्री मोहिनी पोखरिया, गम्भीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना,रनदीप पोखरिया, सतीश भट्ट, किशोर जोशी,जीवन धामी, लक्ष्मण राणा, शोभा देवी, रीता सक्सेना, विजेंद्र राणा, नरेन्द्र बिष्ट,संगीता राणा,रमेश चंद्र जोशी,प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व भारी संख्या में जनता मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *