उत्तराखंड

नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश – मौके पर 4 करोड़ 54 लाख रुपए के असली और नकली नोट बरामद

उत्तराखण्ड
29 मई 2026
नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश – मौके पर 4 करोड़ 54 लाख रुपए के असली और नकली नोट बरामद
रुद्रपुर। गदरपुर पुलिस ने नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपए के असली और नकली नोट बरामद किए हैं. पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. खास बात यह रही कि कई गड्डियों में ऊपर असली 500 रुपये के नोट और नीचे चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखे नकली नोट रखे गए थे, जिससे लोगों को आसानी से ठगा जा सके.

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया.तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में असली और नकली नोट बरामद किए. जांच में पता चला कि कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया के नकली नोट रखे गए थे. यह तरीका लोगों को धोखा देकर नकली नोट खपाने के लिए अपनाया गया था.

अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर ने बताया कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

पुलिस ने मौके से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के नोट बरामद किए हैं. बरामदगी में 500 रुपये के नकली नोटों की कई गड्डियां, ऊपर असली और नीचे नकली नोटों वाली गड्डियां तथा एक काले-सफेद रंग के बैग में भरे 157 बंडल नकली नोट शामिल हैं. इस मामले में कोतवाली गदरपुर में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी गूलरभोज गदरपुर के रूप में हुई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है और किन क्षेत्रों में इन्हें खपाने की तैयारी थी. साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *