सेवा सेतु अभियान के तहत 3 स्पेशियलिटी कैंप में 880 लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ
उत्तराखण्ड
15 अक्टूबर 2026
सेवा सेतु अभियान के तहत 3 स्पेशियलिटी कैंप में 880 लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ
रूद्रपुर। सेवा सेतु अभियान के तहत आज 12 अक्टूबर को जनपद उधम सिंह नगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 3 स्पेशियलिटी कैंप का आयोजन किया गया। इन कैंपों में कुल 880 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, जिनमें 391 पुरुष और 489 महिलाएं शामिल थीं।
एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत 387 लोगों की हाइपरटेंशन और इतने ही लोगों की डायबिटीज की जांच की गई। वहीं 327 लोगों की ओरल कैंसर, 140 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर और 11 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 11 नई गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, जबकि 17 फॉलो-अप जांचें हुईं और कुल 29 एएनसी चेकअप किए गए। 13 किशोरों का टीकाकरण किया गया और 6 एमसीपी कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही 330 किशोरियों को माहवारी स्वच्छता को लेकर काउंसलिंग दी गई और पोषण एवं देखभाल पर 301 सत्र आयोजित किए गए।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में 354 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 157 पुरुष और 197 महिलाएं शामिल थीं। इस दौरान 6 निक्षय मित्रों का पंजीकरण भी किया गया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कुल 1301 बच्चों की जांच की गई, जिसमें 995 स्कूली बच्चे और 306 आंगनबाड़ी के बच्चे शामिल रहे। जांच के दौरान 4डी के तहत कुल 246 बच्चे चिन्हित किए गए, जिनमें 187 स्कूली और 59 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत जनपद में लगातार स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आम जनता को एक ही स्थान पर सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि एनसीडी स्क्रीनिंग, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे और सभी को समय पर जांच एवं उपचार मिल सके।


