बाजपुर में नकली दवाइयों और अवैध शराब के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़
उत्तराखण्ड
19 जुलाई 2026
बाजपुर में नकली दवाइयों और अवैध शराब के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़
बाजपुर। कुमाऊं यूनिट एसटीएफ, बाजपुर पुलिस तथा औषधि नियंत्रण विभाग ऊधम सिंह नगर व नैनीताल की संयुक्त टीम ने रविवार तड़के बाजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कंपनी में छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की।
टीम ने कंपनी में भारी मात्रा में मिथ्या छाप (नकली ब्रांड) और अपमिश्रित दवाइयां बरामद कीं। इसके साथ ही कंपनी मालिक की निशानदेही पर उसके गोदाम से चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की कुल 118 पेटियां बरामद की गईं।
बरामद शराब की पेटियां छोटी-बड़ी बताई जा रही हैं। संयुक्त टीम द्वारा बरामद दवाइयों और शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में दो अन्य आरोपितों के नाम भी सामने आए हैं, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। संयुक्त कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों की ओर से आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम बरामद दवाइयों के नमूने लेकर उनकी जांच भी कराएगी। मामले में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, बीएनएस और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


