उत्तराखंड

जसपुर: जसपुर में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, दो चिकित्सालय सील

उत्तराखण्ड
13 सितम्बर 2026
जसपुर: जसपुर में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, दो चिकित्सालय सील
जसपुर। जसपुर में अपंजीकृत और नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे चिकित्सालयों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभागीय टीम ने क्षेत्र में करीब 10 चिकित्सालयों पर अचानक छापेमारी कर दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की. जांच के दौरान दो चिकित्सालयों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया. अन्य चिकित्सालयों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई में एसीएमओ डॉ. हरीश कुमार पांडे, डॉ. डीएम गहलोत और डॉ. जितेंद्र पंकज की संयुक्त टीम शामिल रही. टीम ने अलग-अलग चिकित्सालयों में पहुंचकर वहां उपलब्ध दस्तावेज, पंजीकरण, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और संचालन से संबंधित जरूरी अभिलेखों की जांच की. अधिकारियों ने संचालकों से चिकित्सालय संचालन के लिए आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी जानकारी भी मांगी.

औचक निरीक्षण के दौरान दो चिकित्सालयों के दस्तावेजों में अनियमितताएं सामने आईं. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों चिकित्सालयों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की और उन्हें सील कर दिया. विभाग की इस कार्रवाई के बाद अन्य चिकित्सालय संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही.

वहीं, निरीक्षण के दौरान जिन अन्य चिकित्सालयों में दस्तावेज या पंजीकरण संबंधी कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए. स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित चिकित्सालय संचालकों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नोटिस के बाद भी यदि नियमों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध पंजीकरण या निर्धारित मानकों का पालन किए चिकित्सालयों का संचालन मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. इसी को देखते हुए विभाग की ओर से ऐसे संस्थानों की लगातार जांच की जा रही है.

एसीएमओ डॉ. हरीश कुमार पांडे ने बताया कि क्षेत्र में अपंजीकृत चिकित्सालयों और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. उन्होंने कहा जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों के आधार पर संबंधित संचालकों को नोटिस देने के साथ आवश्यकतानुसार सीलिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *