उत्तराखंड

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, छठी मईया के जयकारों से गूंजे घाट

नीरज ठाकुर
उत्तराखण्ड
16 नवम्बर 2026
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, छठी मईया के जयकारों से गूंजे घाट
काशीपुर। काशीपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान सोमवार सुबह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। सूर्य उपासना के इस पर्व पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे से चल रहा निर्जला व्रत भी पूरा हो गया।

भोर होते ही छठी मैया के गीतों से घाट गूंज उठे। हाथों में पूजन सामग्री और डलिया लिए व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। नगर में छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। महादेव नहर छठ घाट और द्रोणासागर छठ घाट समेत विभिन्न घाटों पर व्रती सुबह होने से पहले ही पहुंच गए। यहां श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर पूजा-अर्चना की और उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।

करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही अपना कठिन अनुष्ठान पूरा किया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पूजा की और परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और समृद्धि की कामना की। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।

छठ पर्व को देखते हुए घाटों पर स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए। पूजा संपन्न होने के बाद घाटों पर श्रद्धालुओं को छठ का प्रसाद वितरित किया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *