उत्तराखंड

रामनगर: पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच देर रात जबरदस्त मुठभेड़

उत्तराखण्ड
रामनगर: पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच देर रात जबरदस्त मुठभेड़
रामनगर। पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच रामनगर में देर रात जबरदस्त मुठभेड़ हो गई. मालधन के 64 नंबर गेट के जंगल में पुलिस दबिश के दौरान छिपे बदमाश चंदन सागर ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया.

रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से पुलिस के लिए वांटेड था. पुलिस दबिश के दौरान वह हाथीडंगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भागकर छिप गया. पुलिस टीम ने जंगल में उसकी घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी.

आरोपी ने करीब तीन राउंड फायर किए, फायरिंग में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ. घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई. जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा,पुलिस ने पूरे जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को चारों ओर से घेर लिया. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चंदन सागर के सीधे पैर में गोली लगी.

घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से दबोच लिया और उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि देर रात एक युवक को पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया था. गोली पैर के आर-पार निकल गई थी. चिकित्सकीय टीम ने उसका उपचार किया, जिसके बाद पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई.

सुशील कुमार, रामनगर कोतवाल ने बताया कि चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं. उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है.

सुशील कुमार ने बताया कि वह हाल में रामनगर में हुई एक घटना का भी आरोपी था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी. मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने भी अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति का संदेश दिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *