मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन पर दो दिन बसों में फ्री यात्रा तोहफा
उत्तराखण्ड
20 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन पर दो दिन बसों में फ्री यात्रा तोहफा
देहरादून। भाई और बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व है. 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर उत्तराखंड की महिलाओं को प्रदेश सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर बसों में फ्री यात्रा का उपहार दिया है. 28 एवं 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड की महिलाएं प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी.
उत्तराखंड शासन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. आदेश के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा.
रक्षाबंधन पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके एवं परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं. राज्य सरकार की इस पहल से उन्हें सुरक्षित, सुगम एवं निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाना तथा उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है.
इस संबंध में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने के फलस्वरूप उत्तराखंड परिवहन निगम को होने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी. परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों के लिए धामी सरकार का यह निर्णय महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल है.


