उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने किया भारत-नेपाल सीमा स्थित लोहियाहैड क्षेत्र का निरीक्षण

उत्तराखण्ड
29 जून 2026
मुख्यमंत्री ने किया भारत-नेपाल सीमा स्थित लोहियाहैड क्षेत्र का निरीक्षण
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के सीमांत क्षेत्र भारत-नेपाल सीमा स्थित लोहियाहैड में शारदा बाईपास चैनल का निरीक्षण कर क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहैड का यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और घने वनों से आच्छादित होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में शारदा कॉरिडोर के विकास का कार्य प्रगति पर है तथा इसके लगभग 200 वर्ग किलोमीटर के दायरे में आने वाले इस क्षेत्र को भी विकास योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, उनकी आय में वृद्धि होगी तथा सीमांत क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर आजीविका उपलब्ध होने से वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों का समग्र विकास करते हुए प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास की संभावनाओं का आकलन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, रंदीप पोखरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि, जनता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *