जिले में नकली आयुर्वेदिक दवा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़
उत्तराखण्ड
21 अप्रैल 2026
जिले में नकली आयुर्वेदिक दवा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़
रूद्रपुर। पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप नगर में छापा मार कर अवैध रूप से संचालित नकली आयुर्वेदिक दवा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। मौके से बड़ी मात्रा में तैयार दवाइयों के साथ दवा बनाने के उपकरण, बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और हिरण के सींग बरामद हुए हैं।
फैक्टरी संचालक के कमरे से एक अवैध पिस्तौल भी मिला है। पुलिस ने आरोपी संचालक को हिरासत में लेकर गोदाम सील कर दिया। आरोपी अवैध रूप से ऑनलाइन देश-विदेश में शुगर की आयुर्वेदिक दवा की सप्लाई करता था। पुलिस और प्रशासन की टीम इस गोरखधंधे की जांच में जुटी है।
एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने डीएम को पत्र देकर दिनेशपुर के वार्ड दो में चल रही नकली आयुर्वेदिक दवा की फैक्टरी की शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर सोमवार की शाम एसडीएम ने जिला औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी आलोक शुक्ला, थानाध्यक्ष रविंद्र बिष्ट के साथ वार्ड दो नगर पंचायत कार्यालय के पीछे मोतीपुर के दो घरों में स्थित प्रीत फूड प्रोडक्टस नामक अवैध फैक्टरी पर छापा मारा।
मौके से शुगर की एलोपैथिक दवाइयां, दो हजार से अधिक प्लास्टिक के पैकेट और डिब्बों में तैयार 60,000 की आयुर्वेदिक शुगर कंट्रोल सप्लीमेंट के नाम से बनी शुगर की दवाइयां, दवा बनाने की पिसाई मशीन, खाली पैकेट और प्लास्टिक के डिब्बे मिले।
टीम को दूसरे मकान से बड़ी मात्रा में पीलजीपीएम- एस आर 2 नामक शुगर की और विटामिन डी-3 के साथ कैल्शियम की एलोपैथिक दवाइयों से भरी पेटियां मिलीं। गोदाम से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयों के खाली रैपर मिले। कमरे से सात हिरण के सींग भी बरामद हुए। वन्य जीव के अंग बरामद होने पर वन क्षेत्र अधिकारी रूप नारायण गौतम भी वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और हिरण के सींग को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
फैक्टरी संचालक दवा बनाने के कोई वैद्य पत्रावली नहीं दिखा सका। जिला औषधि निरीक्षक, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने फैक्टरी संचालक स्वरूप सिंह को हिरासत में ले लिया गया।
देर रात पुलिस ने दोनों मकान को भी सील कर दिया। एसडीएम ने बताया कि उसके इस धंधे में और भी लोगों के लिप्त होने की आशंका है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है


