Blog

रुद्रपुर के डीडी चौक स्थित विश्वकर्मा मार्केट में प्रशासन का चला पीला पंजा

उत्तराखण्ड
3 सितम्बर 2026
रुद्रपुर के डीडी चौक स्थित विश्वकर्मा मार्केट में प्रशासन का चला पीला पंजा
रुद्रपुर। रुद्रपुर के डीडी चौक स्थित विश्वकर्मा मार्केट में प्रशासन की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ. 41 बची दुकानों में से करीब 20 दुकानों पर पीडब्ल्यूडी ने बुलडोजर चलाया. व्यापारियों और समाजसेवियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए बुलडोजर के आगे खड़े होकर प्रदर्शन किया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर स्थिति संभाली. मौके पर पहुंचे महापौर विकास शर्मा ने व्यापारियों को समझाकर शांत कराया, जबकि प्रस्तावित दुकानों के आवंटन को लेकर व्यापारियों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

रुद्रपुर के डीडी चौक स्थित बस स्टैंड के पास बनी विश्वकर्मा मार्केट की अतिक्रमण वाली दुकानों पर प्रशासन की कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही. पूर्व में पांच दुकानों को ध्वस्त किए जाने के बाद अब बची हुई 41 दुकानों में से करीब 20 दुकानों पर पीडब्ल्यूडी का पीला पंजा चला. प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला. व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और प्रशासन से दुकानों को तोड़ने से पहले उचित समाधान की मांग की.

बताया गया कि, प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम पुलिस बल के साथ विश्वकर्मा मार्केट पहुंची. टीम के पहुंचते ही व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया. मौके पर बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी और स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए. व्यापारियों का कहना था कि, उनकी दुकानों से उनका वर्षों पुराना रोजगार जुड़ा हुआ है और बिना पर्याप्त व्यवस्था किए दुकानों को ध्वस्त किया जाना, उनके लिए बड़ी परेशानी खड़ी करेगा.

विरोध के बीच प्रशासन अपनी कार्रवाई पर डटा रहा. रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई. पीडब्ल्यूडी के बुलडोजर ने एक के बाद एक करीब 20 दुकानों को धराशायी किया. कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती.

इस दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ व्यापारी और समाजसेवी बुलडोजर के सामने खड़े हो गए. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों और भविष्य की व्यवस्था को लेकर स्पष्ट समाधान नहीं किया जाता, तब तक दुकानों पर बुलडोजर नहीं चलने दिया जाएगा. कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि, पहले बुलडोजर उनके ऊपर से चलाया जाए, उसके बाद ही दुकानों को तोड़ा जाए. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने समझदारी और सूझबूझ से प्रदर्शनकारियों को बुलडोजर के सामने से हटाया, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई.

कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे महापौर विकास शर्मा ने व्यापारियों से बातचीत की और उन्हें समझाकर शांत कराया. उन्होंने व्यापारियों को बताया कि प्रस्तावित दुकानों के आवंटन को लेकर प्रक्रिया की गई है. प्रभावित दुकानदारों के लिए व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *