सुबह-सुबह: फास्ट फूड की एक दुकान में लगी आग
उत्तराखण्ड
31 जुलाई 2026
सुबह-सुबह: फास्ट फूड की एक दुकान में लगी आग
नैनीताल। नैनीतान में सुबह-सुबह तड़के करीब पांच बजे फास्ट फूड की एक दुकान में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई। मल्लीताल न्यू पालिका बाजार में गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यदि समय रहते कर्मचारियों को बाहर नहीं निकाला जाता और दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग पूरी बाजार को अपनी चपेट में ले सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह पांच बजे दुकान में धुंआ उठा। इस दौरान दुकान से धुआं उठता देख अंदर सो रहे कर्मचारी घबरा गए और पीछे की खिड़की से तिब्बती बाजार की ओर निकलकर अपनी जान बचाई। कर्मचारियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। आग की लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फास्ट फूड की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग बुझाने के दौरान दुकान का कर्मचारी साहिल घायल हो गया, जिसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।


