उत्तराखंड

दीपावली की चमक बाजारों में उतरी, खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी

नीरज ठाकुर
उत्तराखण्ड
6 नवम्बर 2026
दीपावली की चमक बाजारों में उतरी, खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी
काशीपुर। दीपावली की चमक बाजारों में उतर आई है। कहीं सोने-चांदी के आभूषण ग्राहकों को लुभा रहे हैं तो कहीं बर्तनों, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहनों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। आज धनतेरस के लिए हल्द्वानी के बाजार पूरी तरह तैयार हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस से दिवाली तक तीन दिन में खरीदारी के पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे और 150 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होगा।

मेन बाजार, नगर पालिका मार्केेट, रतन रोड और बर्तन बाजार में बीते दो दिन से लगातार भीड़ बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को भी इन बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं थी। व्यापारियों का कहना है कि इस बार जीएसटी घटने और सोना-चांदी के दाम गिरने से बाजार में पिछले साल से ज्यादा रौनक है।

कारोबारियों का मानना है कि इस बार धनतेरस से दीपावली तक काशीपुर में अकेले ज्वैलरी में ही कई करोड़ के कारोबार का अनुमान है।

बर्तन बाजार -पीतल से स्टील तक, बर्तनों की चमक पर धनतेरस का रंग
धनतेरस पर सबसे अधिक खरीद बर्तन बाजार में ही होती है। बर्तन बाजार सुबह से ही खुल जाता है और देर रात तक यहां दुकानदारी चलती है। पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की सबसे ज्यादा मांग है। कारोबारी राजीव अग्रवाल के मुताबिक कई दुकानों में पुराने बर्तन लाओ-नए ले जाओ का ऑफर भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि पीतल का दीपक 150 रुपये से, तांबे का लोटा 400 रुपये से, स्टील डिनर सेट 1500 रुपये से शुरू है। कुकर, कड़ाही और क्रॉकरी पर 20-30 फीसदी की छूट भी है।

ज्वैलरी – सोने-चांदी की चमक से दमक उठा सराफा बाजार
सर्राफा बाजार में इस बार सबसे बड़ी चमक है। सोना-चांदी के दाम कुछ नीचे आने से ग्राहकों का रुख सराफा की ओर हुआ है। चांदी में लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, सिक्का और पूजा की थाली सबसे ज्यादा बिक रही है। ज्वैलर्स मेकिंग चार्ज में कुछ छूट है।

झाड़ू की खरीदारी से खुलेगी समृद्धि की राह
धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। रस्सी बाजार भी इसके लिए सज गया है। बाजार में फूल झाड़ू 80 से 250 रुपये, नारियल झाड़ू 60 से 150 रुपये, प्लास्टिक वाइपर्स 150 से 500 रुपये तक बिक रहे हैं।

मिट्टी के खिलौने सजे, खील-बताशों की मिठास
पटेल चौक से जैसे ही बाजारों का रूख करते हैं तो जगह जगह पटरी पर खील-बताशे और चीनी-मिट्टी के खिलौनों की दुकानें नजर आती हैं। विभिन्न स्थानों से पहुंचे कारोबारी खील-खिलौने बेच रहे हैं। दुकानदारो मुताबिक खील 60-80 रुपये किलो, बताशे 80-100 रुपये किलो, मिट्टी के खिलौने 20 से 150 रुपये तक हैं। लक्ष्मी-गणेश, कुबेर और धन्वंतरि की मिट्टी की मूर्तियां भी खूब बिक रही हैं।

रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाएंगे घर-आंगन
बाजार में घर सजाने के लिए झालरों की सबसे ज्यादा मांग है। एलईडी झालर 80 रुपये से 1500 रुपये तक, आर्टिफिशियल फूलों की झालर 20 से 500 रुपये तक है। इस बार वाटर प्रूफ और स्टार-कर्टेन वाली झालर ट्रेंड में है। दुकानदारों ने घर के बाहर के लिए 50-100 फीट लंबी झालरें भी मंगाई हैं। इस बार चायनीज के साथ साथ देशी झालरों की भी खूब मांग है।

इलेक्ट्रोनिक – टीवी से वॉशिंग मशीन तक ऑफर की धूम
रतन रोड, रामनगर रोड में इलेट्रानिक्स शो रूम में टीवी, वॉशिंग मशीन, मिक्सर, आयरन, कूलर आदि की खूब बिक्री हो रही है। कई दुकानदार इन पर छूट भी दे रहे हैं। दुकानदार राजीव पांडे के मुताबिक दुकानों पर 1000 वाट ड्राई आयरन 650-750 रुपये से, मिक्सर 1800 रुपये से शुरू हैं। कई दुकानदार एलईडी टीवी पर छूट और फाइनेंस दोनों के आफर दे रहे हैं।

वाहन बाजार – घर आएंगी नई गाड़ियां, शोरूम में बुकिंग फुल
नई गाड़ियों के शोरूम में धनतेरस की बुकिंग फुल है। बाइक पर चांदी का सिक्का, हेलमेट और 5000 रुपये तक की छूट भी मिल रही है। कार पर 50 हजार तक का ऑफर और फाइनेंस की स्कीम चल रही है। शोरूम संचालकों का कहना है कि कल 1200 से ज्यादा दोपहिया वाहनों और 250 से ज्यादा कारों की डिलीवरी होने की उम्मीद है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *