सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध छापेमारी एवं निरीक्षण की कार्यवाही
उत्तराखण्ड
17 सितम्बर 2026
सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध छापेमारी एवं निरीक्षण की कार्यवाही
रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के अनुपालन में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत विगत दिवस तहसील गदरपुर क्षेत्र में छापेमारी एवं निरीक्षण की कार्यवाही की गई।
उक्त अभियान के अंतर्गत वार्ड नंबर 6, आवास विकास, गदरपुर स्थित एक गोदाम में सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री पाई गई। उक्त गोदाम श्री सोनू तनेजा का होना बताया गया। मौके पर बरामद सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री, जिसका कुल वजन लगभग 01 क्विंटल 13 किलोग्राम था, को नियमानुसार जब्त कर लिया गया। साथ ही संबंधित के विरुद्ध ₹15,000/- (रुपये पंद्रह हजार मात्र) का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
उक्त कार्यवाही उप जिलाधिकारी गदरपुर श्रीमती अमृता शर्मा के अध्यक्षता में तहसीलदार गदरपुर श्रीमती लीना चंद्रा धामी तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गदरपुर श्री कैलाश सिंह पटवाल के सहयोग से संपादित की गई।
इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान एक अन्य दुकान का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय मौके पर कोई प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री बरामद नहीं पाई गई। अतः उक्त दुकान के संबंध में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक निरीक्षणात्मक कार्यवाही की गई। तहसील अंतर्गत दिनेशपुर में भी अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दिनेशपुर मोहम्मद यामीन द्वारा भी उक्त कार्यवाही की गई तथा बाजार से सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त करते हुए 7500 रूपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही नगर पंचायत गुलारभोज में भी सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उक्त का प्रयोग करने वाले दुकानदारों से 400 रूपये का जुर्माना वसूला गया।
सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण हेतु अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


