उत्तराखंड

मां नंदा देवी मेले का विधिवत और भव्य शुभारंभ

उत्तराखण्ड
17 सितम्बर 2026
मां नंदा देवी मेले का विधिवत और भव्य शुभारंभ
अल्मोड़ा। कुमाऊं के प्रसिद्ध ऐतिहासिक मां नंदा देवी मेले का पंचमी के अवसर पर विधिवत और भव्य शुभारंभ हुआ. पारंपरिक रीति-रिवाजों, वैदिक मंत्रोच्चार और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मेले का आगाज हुआ. मेले में शामिल होने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ती रही। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा नगर भक्तिमय और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया.

ऐतिहासिक नंदा देवी मेला परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने प्रदेशवासियों के साथ देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं को नंदा देवी मेले की शुभकामनाएं दीं. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मां नंदा देवी कुमाऊं सहित पूरे उत्तराखंड की आराध्य और कुलदेवी हैं. हिमालय की बेटी के रूप में पूजी जाने वाली मां नंदा के प्रति लोगों की गहरी आस्था है.

यही कारण है कि दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु दर्शन के लिए अल्मोड़ा पहुंचते हैं. शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर मां नंदा के जयकारों से गूंज उठता है. उन्होंने कहा अल्मोड़ा में लंबे समय से आयोजित हो रहा यह महोत्सव क्षेत्र के सांस्कृतिक वैभव और गौरव का प्रतीक है. विशिष्ट अतिथि स्थानीय विधायक मनोज तिवारी ने भी सभी को नंदा देवी महोत्सव की शुभकामनाएं दीं.

उन्होंने कहा उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोगों की भी मां नंदा के प्रति गहरी आस्था है. नंदा देवी मंदिर क्षेत्र की प्रमुख सांस्कृतिक धरोहर है. समारोह में चंद्र वंशज नरेंद्र चंद्र राज सिंह ने मां नंदा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. उद्घाटन के बाद डी शेडो समूह सहित अनेक स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने झोड़ा, छपेली सहित विभिन्न लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, शोभा जोशी समेत दायत्विधारी कुंदन लटवाल, गोविंद पिलख्वाल, गंगा बिष्ट, एडीएम संजय कुमार, मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट, मेला मुख्य संयोजक ताराचंद्र जोशी, अनूप साह, हरीश बिष्ट आदि मौजूद रहे.

कदली वृक्ष को दिया जाएगा निमंत्रणरू बृहस्पतिवार यानि आज शाम 4 बजे नंदा देवी मंदिर परिसर से मंदिर के पुजारी और अनेक श्रृद्धालुओं का एक दल जगरियों के साथ लक्ष्मेश्वर स्थित खुटकुड़ी भैरव मंदिर को रवाना होगा. जहां कदली वृक्षों की पूजा अर्चना के बाद उन्हें आमंत्रित किया जाएगा. जिसके बाद शुक्रवार को प्रातरू कदली वृक्ष शोभायात्रा के साथ पूरा बाजार भ्रमण कर मंदिर परिसर में लाया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *