उत्तराखंड

जसपुर: सड़क हादसे की आड़ में रची गई हत्या की साजिश

उत्तराखण्ड
14 जुलाई 2026
जसपुर: सड़क हादसे की आड़ में रची गई हत्या की साजिश
जसपुर। जसपुर में सड़क हादसे के रूप में सामने आए एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में यह मामला हादसे का नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित हत्या निकला. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है.

क्या था मामला? पुलिस के मुताबिक, बीती 10 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से एक सूचना मिली थी कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा वाली नहर रोड पर एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी है, जिसमें तीन युवक घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही कोतवाली जसपुर पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर सड़क किनारे नहर में एक क्षतिग्रस्त बाइक मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया.

पुलिस ने सरकारी अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में घायलों की जानकारी जुटाई, लेकिन तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी. अगले दिन 11 जुलाई को मृतक नितिन कुमार के पिता बनारसी दास ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी कि उनके बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं था, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर ने जानबूझकर कार से बाइक में टक्कर मारकर उनके बेटे की हत्या की है.

इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर लगातार जांच की. इसी कड़ी में 12 जुलाई को मिली सूचना के आधार पर हाईवे पर घेराबंदी कर घटना में इस्तेमाल बलेनो कार संख्या UP 21 DF 4379 के साथ दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

क्यों दिया हत्या को अंजाम? पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना वाले दिन उनका नितिन, लविश, हर्ष और उनके साथियों से विवाद हुआ था. बाद में जब तीनों युवक बाइक से खेड़ा वाली नहर रोड पर जा रहे थे, तब गुस्से और प्रतिशोध की भावना में उन्होंने कार से बाइक को जोरदार टक्कर मारी और उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गए. पुलिस की मानें तो आरोपियों ने घटना को सड़क हादसा दिखाकर हत्या को छिपाने की कोशिश की थी.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-
पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू, निवासी- ग्राम कासमपुर
जाकिर गुज्जर, निवासी नई बस्ती, जसपुर
एक आरोपी दर्ज हैं कई मुकदमे- जांच में ये भी सामने आया कि पुष्पेंद्र चौहान के खिलाफ साल 2020 में भी लूट, जबरन वसूली और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है. जबकि, जाकिर गुज्जर का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए जिलेमें कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले प्रत्येक अपराधी के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *