किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने किया पर्दाफाश
उत्तराखण्ड
24 अक्टूबर 2026
किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने किया पर्दाफाश
देहरादून। राजधानी देहरादून में किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी में छापेमारी कर अनैतिक देह व्यापार संचालित करने की आरोपी महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3500 रुपये नकद बरामद किए हैं.
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर-1 स्थित एक मकान में किराये पर कमरा लेकर देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में औचक छापेमारी की. इस दौरान एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं.
व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क – पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी अजमीरा मकान किराये पर लेकर कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा संचालित कर रही थी. वह फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी. ग्राहकों की मांग के अनुसार बाहरी जनपदों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर किराये के कमरे में देह व्यापार कराया जाता था.
चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज- पुलिस ने इस मामले में अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) को गिरफ्तार किया है. अजमीरा और शेख अजीजल देहरादून की संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला के निवासी बताए गए हैं.
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया चारों आरोपियों के खिलाफ पटेल नगर कोतवाली में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. साथ ही मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.


