उत्तराखंड

कांग्रेस ने किया बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन

उत्तराखण्ड
17 मई 2026
कांग्रेस ने किया बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन
काशीपुर। देश में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के विरोध में आज महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने की मांग उठाई। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि जब रसोई गैस सिलेंडर के दाम 400 रुपये हुआ करते थे, तब भारतीय जनता पार्टी के नेता गैस सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतर आते थे और महंगाई के मुद्दे पर आंदोलन करते थे। लेकिन आज गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं, फिर भी भाजपा के नेता पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम भी आसमान छू रहे हैं, जिसका सीधा असर आम जनता, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। घरों में होने वाले सुख-दुख के कार्यक्रमों में भी लोगों को महंगाई की भारी मार झेलनी पड़ रही है।
जनता आर्थिक बोझ तले दबती जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से रसोई गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की। वहीं कांग्रेस प्रदेश सचिव अरुण चौहान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त है।
लगातार बढ़ती कीमतों ने लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश सचिव जितेंद्र सरस्वती ने भी महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल तथा रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर संघर्ष कर रही है और आने वाले समय में महंगाई के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताअं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन को और तेज करेगी। इस अवसर परपूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, इंदर सिंह, एड. हरीश कुमार सिंह, उत्तराखंड प्रदेश सचिव अरुण चौहान, मनोज जोशी, उमेश जोशी, ब्रह्मपाल, संदीप सहगल, सुभाष पाल, इंदूमान, जितेंद्र सरस्वती, प्रदीप जोशी, विधु शेखर शर्मा, टीका सिंह सैनी, सुशील भटनागर, त्रिलोक सिंह अधिकारी, डॉ. करण सिंह पाल, आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *