ई केवाईसी प्रक्रिया न कराने से लाखों उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक
उत्तराखण्ड
14 नवम्बर 2026
ई केवाईसी प्रक्रिया न कराने से लाखों उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक
देहरादून: उत्तराखंड में गैस कनेक्शन को लेकर हुए वेरिफिकेशन के बाद लाखों उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं. यह वह उपभोक्ता हैं जिन्होंने गैस कनेक्शन के लिए जरूरी E-KYC की प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया था. राज्यभर में ऐसे लोगों की औसतन संख्या को देखें तो करीब 10% लोग गैस कनेक्शन में अपना ई केवाईसी नहीं कर पाए हैं. जिसके चलते उनके कनेक्शन को बंद कर दिया गया है. लोगों की दिक्कतों को देखते हुए फिलहाल ऐसे लोगों को एक निश्चित प्रक्रिया के बाद दोबारा कनेक्शन रीजेनरेट करने का मौका दिया गया है.
ईरान अमेरिका युद्ध के बाद LPG को लेकर आए संकट के बीच शुरू हुई ई केवाईसी प्रक्रिया ने बड़ी संख्या में कनेक्शनधारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. इस प्रक्रिया का LPG संकट से कोई लेना देना नहीं है. केंद्र सरकार ने एलपीजी गैस कनेक्शन रखने वालों का सत्यापन करने के इरादे से इसे शुरू किया था. खास बात यह है कि उत्तराखंड में सबसे ज्यादा कनेक्शन वाले इंडेन ऑयल से ही करीब 2.5 लाख लोग ऐसे चिन्हित हुए हैं जिन्होंने ई केवाईसी नहीं करवाई है. जिसके कारण इनके गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं.
उधर अकेले देहरादून की स्थिति को देखें तो कुल मिलाकर करीब 1.15 लाख कनेक्शन धारी ऐसे हैं जिन्होंने अपनी ई केवाईसी नहीं करवाई. इसके कारण उनके कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं. इसके लिए स्पेशल ड्राइव भी चलाई गई. लोगों को ई केवाईसी करने का अतिरिक्त समय भी दिया गया. इसे लोगों की लापरवाही कहें या फिर दूसरी मजबूरियां कि वह समय पर इस प्रक्रिया का पालन नहीं कर पाए. जिसके बाद उनके कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं.
ई केवाईसी नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन ब्लॉक होने के कारण अब यह लोग ना तो अपने गैस की बुकिंग करवा पा रहे हैं और ना ही इन्हें सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर मिल पाएंगे. इस मामले में इंडेन के डिवीजनल एलपीजी सेल्स हेड स्वर्ण सिंह से बात की गई.
करीब 10.60 प्रतिशत लोगों ने अपनी ई केवाईसी नहीं कराई है, जिसके कारण पूर्व से मिल रही सेवाएं उन्हें अब नहीं मिल पाएंगी. हालांकि वह इसको लेकर गैस एजेंसी से संपर्क करते हुए मदद ले सकते हैं.
-स्वर्ण सिंह, डिवीजनल एलपीजी सेल्स हेड, इंडेन
इस मामले में देहरादून में भी बड़ी संख्या में लोगों ने ई केवाईसी नहीं करवाई है. कुल मिलाकर ओवरऑल स्थिति को देखें तो करीब 1.15 लाख उपभोक्ताओं ने अभी तक ई केवाईसी नहीं करवाई है. जिसके कारण उनके कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं. खास बात यह है कि उपभोक्ताओं के पास ई केवाईसी करने का 31 अक्टूबर तक का ही समय था जो अब पूरा हो चुका है.
इसके बावजूद भी लोगों की समस्याओं को देखते हुए गैस एजेंसी पर ऐसे लोगों की सुविधा को देखते हुए उनकी मदद की जा रही है. इतना ही नहीं इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर जाकर उपभोक्ता ऑनलाइन भी लोगों करते हुए ई केवाईसी करवा सकते हैं.
पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली कहते हैं कि वैसे तो ई केवाईसी को करने का समय पूरा हो चुका है. अभी भी लोग गैस एजेंसी पर पहुंचकर फिर से कनेक्शन रीजेनरेट करने का प्रयास कर रहे हैं और उनकी मदद भी की जा रही है.
दरअसल इसमें ऐसे लोगों की भी अच्छी खासी संख्या है जिनके नाम पर गैस कनेक्शन है और वह खुद राज्य से बाहर रहते हैं जबकि परिवार उत्तराखंड में ही निवास करता है. ऐसी स्थिति में ई केवाईसी के लिए खुद गैस एजेंसी पहुंचकर बायोमेट्रिक का प्रावधान भी लोगों के लिए परेशानी बना है. कई लोग इसके कारण ई केवाईसी नहीं करवा पाए हैं.
राज्य भर में सभी कंपनियो के गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं की बात करें तो ई केवाईसी नहीं करने वालों की संख्या लाखों में है. राज्य भर में तकरीबन 3.5 लाख कनेक्शन ई केवाईसी के कारण प्रभावित हुए हैं.


