Blog

मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण, दो को नोटिस जारी

उत्तराखण्ड
9 मई 2026
मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण, दो को नोटिस जारी
हल्द्वानी। मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर जिला प्रशासन ने ताबड़ तोड़ कार्रवाई की है. औचक निरीक्षण में कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद दो ट्रेनिंग स्कूलों को नोटिस जारी किए गए हैं. एक केंद्र को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने बिना संसाधनों के प्रमाण पत्र जारी करने और लोगों से अवैध फीस वसूली पर सख्त नाराजगी जताई है.

हल्द्वानी में संचालित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय और सम्भागीय परिवहन अधिकारी गुरूदेव सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया. जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

जांच में पाया गया कि कुछ संस्थानों के पास पर्याप्त संसाधन, उपकरण और पार्किंग व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं थी. इसके बावजूद प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे थे. देवभूमि और जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में अनियमितताएं पाए जाने पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने नोटिस जारी किये हैं. निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल का पंजीकरण रामनगर में होने के बावजूद उसका संचालन हल्द्वानी के आरटीओ रोड पर भी किया जा रहा था. मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने उक्त केंद्र को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *