उत्तराखंड

नगर पालिका क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

उत्तराखण्ड
11 सितम्बर 2026
नगर पालिका क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
काशीपुर। नगर के महुआखेड़ा गंज नगर पालिका क्षेत्र में करीब 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. युवती के शरीर पर गन इंजरी के निशान मिले हैं. शुरुआती जानकारी में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी. पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर आरोप लगाए गए थे, लेकिन पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है.

काशीपुर क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार के मुताबिक, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जबकि, संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है.

प्रारंभिक तौर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, युवती को गोली मारे जाने की बात कही जा रही थी. ये भी बताया गया कि उसके पड़ोस में रहने वाला एक युवक कथित तौर पर युवती को अपने घर ले गया, जहां गोली लगने के बाद उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को उसके घर पर छोड़कर युवक के फरार होने की बात सामने आई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. हालांकि, सीओ प्रशांत कुमार ने अभी मामले को हत्या के तौर पर पुष्टि नहीं किया है.

प्रशांत कुमार, सीओ, काशीपुर ने बताया कि युवती के शरीर पर गन इंजरी के निशान मिले हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी मौत हत्या के कारण हुई है या आत्महत्या के कारण. पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है

सीओ के मुताबिक, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है. ताकि, घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी हासिल की जा सके. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और युवती के संपर्क में कौन लोग थे.

संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू, कुछ लोगों के फरार होने की कही जा रही बातरू पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, जिस स्थान पर युवती का शव मिला, वहां रहने वाले कुछ लोगों के फरार होने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और उन्हें पकड़कर पूछताछ की कार्रवाई की जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले में महत्वपूर्ण साबित होगी. रिपोर्ट आने के बाद गोली लगने की प्रकृति, मौत का कारण और अन्य परिस्थितियां स्पष्ट होने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

फिलहाल, युवती की मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. युवती की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका अंतिम खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *