करवाचौथ आज, मेहंदी और श्रृंगार का बाजार गुलजार
उत्तराखण्ड
29 अक्टूबर 2026
करवाचौथ आज, मेहंदी और श्रृंगार का बाजार गुलजार
काशीपुर। करवाचौथ पर्व के लिए शहर के ब्यूटी पार्लरों और मेहंदी स्टॉलों पर रौनक बढ़ गई है। सुबह से ही बाजार में मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी। मेन बाजार, पोस्टऑफिस रोड, रतन सिनेमा रोड, आवास-विकास मार्केट में जगह-जगह मेहंदी के स्टॉल लगे हैं।
एक हाथ की मेहंदी 200 से 500 रुपये तक में लग रही है। डिजाइनर मेहंदी के लिए ज्यादा मांग है। इधर, ब्यूटी पार्लर संचालिका ज्योति ने बताया कि कई महिलाओं ने 3-4 दिन पहले ही प्री बुकिंग करा ली थी। करवाचौथ पर फेशियल, मेकअप और हेयर स्टाइलिंग की बुकिंग फुल है। उधर, मां बाल सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया इस साल करवाचौथ पर सबसे खास बात यह है कि इस पर्व पर रोहिणी और मृगशिरा नक्षत्र का संयोग रहेगा। वृषभ और रोहिणी नक्षत्र के चंद्रमा दिन का महत्व बढ़ाएंगे। भद्रा इस दिन नहीं है, सुबह 4.27 बजे ही खत्म हो जाएगी इसलिए पूजा में कोई बाधा नहीं है।
करवाचौथ का शुभ मुहूर्त
– पूजा का शुभ मुहूर्त – शाम 5.38 से 6.56 बजे तक
– व्रत का समय – सुबह 6.31 बजे से रात 8.17 बजे तक



