शिक्षकों को अब मिलेगी ऑनलाइन छुट्टी
उत्तराखण्ड
5 मई 2026
शिक्षकों को अब मिलेगी ऑनलाइन छुट्टी
देहरादून। सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल शासन को बढ़ावा दे रही है। इसका उद्देश्य विभाग में पारदर्शिता, दक्षता, सुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, इस ऑनलाइन मॉड्यूल के माध्यम से शिक्षक और अन्य कार्मिक कभी भी, कहीं से भी अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षकों को अब ऑनलाइन छुट्टी मिलेगी। इसके लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह नई व्यवस्था शीघ्र ही विद्या समीक्षा केंद्र के डिजिटल मंच पर ऑनलाइन छुट्टी प्रबंधन मॉड्यूल के रूप में जोड़ी जाएगी।
अवकाश स्वीकृति की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जाएगी, जो सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। इससे शिक्षकों की एक क्लिक पर छुट्टियां मंजूर होंगी। रावत ने यह भी बताया कि नई व्यवस्था से अवकाश से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित और व्यवस्थित रहेंगे। इससे भविष्य में प्रशासनिक असुविधा नहीं होगी और अधिकारियों को भी अवकाश स्वीकृति में आसानी होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ऑनलाइन अवकाश प्रणाली को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए।


