जिले में टिकैत के प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
उत्तराखण्ड
21 अगस्त 2026
जिले में टिकैत के प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
रुद्रपुर। रूद्रपुर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल, पीएसी और फायर टीम को तैनात किया गया है. कलेक्ट्रेट परिषद की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है. इन मार्गों से लोगों और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है. वहीं, एसपी कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस ने बैरिकेड लगाकर सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है. संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर लगातार निगरानी की जा रही है. पुलिस प्रशासन को आशंका है कि धरने के दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ सकती है. इसे देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है. पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शनकारी निर्धारित स्थान पर ही धरना दें. बिना अनुमति कलेक्ट्रेट अथवा एसपी कार्यालय परिसर की ओर आगे न बढ़ें.
सुरक्षा व्यवस्था में उत्तराखंड पुलिस के साथ पीएसी के जवानों को भी लगाया गया है. इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर टीम को भी मौके पर तैयार रखा गया है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जा सकता है.
कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग किए जाने से आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है. ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक रूप से सुरक्षा घेरे वाले क्षेत्र में जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है. किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया फिलहाल कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के आसपास का पूरा इलाका कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के घेरे में है. जगह-जगह बैरिकेडिंग, पुलिस बल और सुरक्षा टीमों की तैनाती के चलते क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है. प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. धरना प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है.


