काशीपुर में मतदाता सूची पर दर्ज बड़ी संख्या में आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग
उत्तराखण्ड
18 अगस्त 2026
काशीपुर में मतदाता सूची पर दर्ज बड़ी संख्या में आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग
काशीपुर। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 63-काशीपुर विधानसभा की गैर मौजूदगी में बीआरओ को एक ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज की गई संदिग्ध एवं निराधार आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि 63 विधानसभा क्षेत्र काशीपुर के अंतर्गत भाग संख्या 77, मौहल्ला गंज चूना गली वार्ड नंबर 19, भाग संख्या 54 मौहल्ला विजय नगर नई बस्ती वार्ड नंबर 39, भाग संख्या 51 मौहल्ला पक्काकोट वार्ड नंबर 18, भाग संख्या 46 मौ0 विजय नगर नई बस्ती वार्ड नंबर 36 पर अनेकों मतदान केंद्रों पर जो मुख्य रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं से संबंधित है, 40 के लगभग मतदाताओं के नामो पर एक सुनियोजित तरीके से आपत्तियां दर्ज कराई गई है।
यह आपत्तियां दुर्गा राय, सिंह, दीवान सिंह, एवं अभय नाम से दर्ज कराई गई हैं। यह भी संज्ञान में आया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा अत्यधिक संख्या में आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न उत्पन्न हो रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो अनेक वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं के संवैधानिक मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। विशेष रूप से यह मांग की गई है कि एक सक्षम जांच समिति गठित कर सभी आपत्तियों की सत्यता, आधार एवं प्रक्रिया की विस्तृत जांच कराई जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जांच पूरी होने तक किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल संदिग्ध आपत्तियों के आधार पर मतदाता सूची से विलोपित न किया जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, दुरुपयोग या सुनियोजित षड्यंत्र सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध निर्वाचन कानूनों के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
निर्वाचन आयोग एवं प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं स्वतंत्र निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु इस गंभीर प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा। इस मौके पर अजीज कुरैशी, पार्षद मौ. खालिद, शाकिर हुसैन, साबिर हुसैन, हाजी मौ. नफीस, मौ. असलम, मुशाहिद हुसैन, याकूब, हाजी अब्दुल रहमान, मौ. शमीम, जावेद, मौ. यूसुफ, अनीस अहमद एडवोकेट, रईस अहमद, मौ. हाशिम, मौ. शाहरुख, तनवीर आलम, मौ. दानिश आदि लोग उपस्थित थे।


