प्रसिद्ध झंडा मेला इस बार आठ मार्च को आरोहण के साथ शुरू
उत्तराखण्ड
7 मार्च 2026
प्रसिद्ध झंडा मेला इस बार आठ मार्च को आरोहण के साथ शुरू
देहरादून। राजधानी देहरादून का प्रसिद्ध झंडा मेला इस बार आठ मार्च को आरोहण के साथ शुरू होगा, जो 27 मार्च तक चलेगा. झंडा मेला को देखते हुए देहरादून पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों पूरी कर रखी है. श्री झण्डा जी के आरोहण को देखते हुए देहरादून में रूट और डायवर्ट प्लान तैयार किया जाएगा. ताकि आम जनता को किसी भी तरह की दिक्कत न हो.
बता दें कि श्री झंडे जी का आरोहण हर साल होली की पंचमी तिथि को किया जाता है. कार्यक्रम के अनुसार सुबह आठ बजे से नौ बजे तक श्री झंडे जी को उतारा जाएगा. इसके बाद स्नान कराकर सादा गिलाफ, शनील गिलाफ चढ़ाने की प्रकिया होगी. इसके बाद श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज परिसर में सेवकों को आशीर्वाद देंगे और दर्शनी गिलाफ चढ़ाया जाएगा. शाम को चार से पांच बजे तक श्री झंडे जी का आरोहण होगा. श्री झंडे जी के आरोहण में सबसे मुख्य प्रक्रिया दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की होती है.
देहरादून पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन प्लानरू बिन्दाल से तिलक रोड़ और तालाब की ओर सभी प्रकार के चौपहिया व दुपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा. सहारनपुर चौक से दरबार साहिब की ओर कोई भी वाहन नहीं आएगा.
वहीं पीपल मण्डी चौक से हनुमान चौक और सहारनपुर चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनी गेट होते हुए भेजा जायेगा. कांवली रोड़ गुरु राम राय स्कूल की ओर से कोई भी वाहन तालाब और दरबार साहिब की ओर नही जायेगा. बैण्ड बाजार की ओर से दरबार साहिब की ओर भी कोई वाहन नहीं आयेगा. वाहनों को तिलक रोड और मच्छी बाजार की ओर भेजा जायेगा.
वहीं आठ मार्च को श्री झण्डे जी आरोहण के मद्देनजर चौराहों और तिराहों/कटों से चौपहिया वाहनों का झण्डा बाजार की ओर प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा. सहारनपुर चौक, गऊ घाट तिराहा, दर्शनी गेट, पीपल मण्डी चौक, तालाब के चारों ओर, भण्डारी चौक (गुरुद्वारे की ओर आने वाले सभी मार्गों ) पर बैरियर लगाकर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
यातायात का दबाव बढ़ने पर निरंजनपुर मण्डी से सहारनपुर चौक की ओर सहित बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को आवश्कता के अनुसार डायवर्ट कर कमला पैलेस की ओर भेजा जायेगा. लालपुल से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को निरंजनपुर मण्डी की ओर भेजा जायेगा.
एसएपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बताया कि श्री झण्डे जी आने वाले श्रद्धालु और स्थानीय निवासियों से अपील की जाती है कि अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल में पार्क करें. यथा सम्भव दुपहिया वाहनों का प्रयोग कर यातायात पुलिस को अपना सहयोग प्रदान करें.


