सूर्या फाउंडेशन के तत्वावधान में केला खेती से संबंधित फॉर्म विजिट कार्यक्रम का आयोजन
उत्तराखण्ड
6 जनवरी 2025
सूर्या फाउंडेशन के तत्वावधान में केला खेती से संबंधित फॉर्म विजिट कार्यक्रम का आयोजन
काशीपुर। काशीपुर क्षेत्र के 17 किसानों के लिए ग्राम खंडीखेड़ा में सूर्या फाउंडेशन के तत्वावधान में आज बागवानी फसलों अमरूद, नींबू, लीची, आम तथा विशेष रूप से केला खेती से संबंधित फॉर्म विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में काशीपुर क्षेत्र के 17 किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को केला की उन्नत, जैविक एवं कम लागत वाली खेती के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नवाचार के माध्यम से केला, पपीता, नींबू आदि बागवानी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में जयवीर द्वारा खंडीखेड़ा सहित आसपास के किसानों को केला की खेती के लिए प्रेरित किया गया, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप क्षेत्र के कई किसानों ने पहले ही केला की खेती को अपनाया है। उन्होंने किसानों को केला के पौधे कहां से प्राप्त करें, पौधों की कीमत, फसल तैयार होने की अवधि, फसल लगाने का उपयुक्त समय, प्रति एकड़ लागत, संभावित उत्पादन एवं विपणन (मार्केटिंग) से संबंधित विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। कर्मवीर द्वारा लीची, अमरूद, केला एवं पपीता जैसी बागवानी फसलों की उन्नत खेती पर मार्गदर्शन दिया गया। वहीं रवि (च्ज्ञटल् जिला प्रभारी, कृषि) ने किसानों को जैविक विधि से कम लागत में केला उत्पादन, केले में लगने वाले रोग-बीमारियों तथा उनके वैज्ञानिक उपचार की जानकारी दी।
इस अवसर पर किसानों ने 15 से अधिक केले के खेतों का भ्रमण किया, जिससे उन्हें खेती से जुड़ा प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख हिमांशु, भारत शाह व सुनील की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस फॉर्म विजिट में करणपुर, नवलपुर, बाबरखेड़ा, श्यामनगर, मिलापनगर, लालपुर, टीला, खंडीखेड़ा एवं बरखेड़ा पांडे के किसानों ने सहभागिता की। सूर्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्नत व टिकाऊ कृषि की दिशा में आगे बढ़ने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।


