केदारनाथ धाम में शुरू हुई बर्फबारी
उत्तराखण्ड
4 जनवरी 2025
केदारनाथ धाम में शुरू हुई बर्फबारी
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड केदारनाथ धाम में हुई हालिया बर्फबारी के बाद केदारनगरी की भव्यता और भी बढ़ गई है. बर्फ की सफेद चादर ओढ़े धाम चांदी की तरह चमक रहा है, जो श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा है. एक और दो जनवरी को लगातार हुई बर्फबारी से धाम की चोटियों के साथ-साथ मुख्य क्षेत्र भी बर्फ से ढकने लगा है.
मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी की संभावनाएं बढ़ गई हैं. फिलहाल धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है. बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के कारण केदारनाथ धाम में चल रहे विभिन्न कार्यों पर भी असर पड़ा है. पैदल यात्रा मार्ग पर स्थित तालाब पूरी तरह से जम चुका है, जबकि मशीनों से होने वाले कार्य अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं.
इस बीच रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम में कार्य अभी जारी हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल कम बर्फ गिरने से काम करने में सहायता मिली है और करीब 90 मजदूर धाम में तैनात हैं. मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में आगे भी कार्य जारी रखे जाएंगे. उन्होंने यह भी बताया कि केदारनाथ धाम में चल रहे कार्यों की निगरानी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और मुख्यमंत्री स्तर से लगातार की जा रही है. एक बार फिर प्रकृति बाबा केदार के धाम का अलौकिक श्रृंगार कर रही है, वहीं प्रशासन मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए है.


