उत्तराखंड

राज्य में इबोला वायरस को लेकर प्रशासन अलर्ट, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी

उत्तराखण्ड
16 नवम्बर 2026
राज्य में इबोला वायरस को लेकर प्रशासन अलर्ट, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी
देहरादून। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के प्रकोप को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के बाद सभी जिलों को सतर्कता बढ़ाने और संभावित मामलों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. अफ्रीकी प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी और लक्षण मिलने पर तत्काल जांच व आइसोलेशन की व्यवस्था करने को कहा गया है. फिलहाल, उत्तराखंड में करीब 40 पर्यटकों पर निगरानी रखी जा रही है.

अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उत्तराखंड में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है. केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी के बाद प्रदेश में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है. सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी बढ़ाने और जरूरी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं.

क्या है इबोला वायरस और कितना खतरनाक है? इबोला एक गंभीर संक्रामक वायरल बीमारी है, जो शरीर की रक्त वाहिकाओं और कई महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकती है. संक्रमित व्यक्ति के रक्त, शरीर के तरल पदार्थ या दूषित वस्तुओं के सीधे संपर्क से इसका संक्रमण फैल सकता है.

इसके शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी और दस्त शामिल हैं. गंभीर मामलों में आंतरिक या बाहरी रक्तस्राव भी हो सकता है. इस बीमारी की ऊष्मायन अवधि यानी संक्रमण के बाद लक्षण सामने आने का समय 2 से 21 दिन तक हो सकता है.

किन देशों में है इबोला का प्रकोप? विश्व स्वास्थ्य संगठन के नवंबर 2026 के अपडेट के मुताबिक, इस साल इबोला के मामले पांच देशों में सामने आए हैं. इनमें डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, युगांडा, केन्या, नाइजीरिया और फ्रांस शामिल हैं. इसके अलावा सूडान समेत अन्य देशों में इबोला वायरस का असर देखा गया है.

एडवाइजरी में क्या दिए गए हैं निर्देश? केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के मुताबिक, प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग, यात्रा इतिहास की जांच और स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था की गई है. खासतौर से पिछले 21 दिनों में प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों पर नजर रखने के निर्देश हैं.

यात्रियों में संक्रमण के लक्षण मिलने पर तत्काल जांच, आइसोलेशन और उपचार की व्यवस्था करने को कहा गया है. अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, पीपीई किट, आइसोलेशन सुविधाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की तैयारी पर भी जोर दिया गया है. ताकि, इबोला वायरस को फैलने से रोका जा सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *