उत्तराखंड

उत्तराखंड परिवहन निगम में सहायक महाप्रबंधक के बम्पर स्थानान्तरण

उत्तराखण्ड
14 नवम्बर 2026
उत्तराखंड परिवहन निगम में सहायक महाप्रबंधक के बम्पर स्थानान्तरण
देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी के हस्ताक्षर से जारी आदेश में मंडलीय प्रबंधक से लेकर सहायक महाप्रबंधक स्तर तक कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके साथ ही कुछ अधिकारियों को पदोन्नति भी दी गई है।

जारी आदेश के अनुसार, नैनीताल मंडल की मंडलीय प्रबंधक पूजा जोशी का तबादला टनकपुर किया गया है। वहीं, टनकपुर में तैनात आलोक कुमार बनवाल को नैनीताल मंडल का नया मंडलीय प्रबंधक बनाया गया है।

वहीं, देहरादून मंडल के मंडलीय प्रबंधक सुरेश चौहान को पदोन्नत कर उप महाप्रबंधक (संचालन) बनाया गया है। उन्हें निगम मुख्यालय देहरादून और दिल्ली में तैनाती के साथ कुंभ मेला नोडल अधिकारी और आईएसबीटी का महत्वपूर्ण प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा प्रतीक जैन को देहरादून मंडल का नया मंडलीय प्रबंधक (संचालन) बनाया गया है।

कई अधिकारियों को पदोन्नति, डिपो स्तर पर भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत राजेंद्र कुमार आर्य, अनुराग पुरोहित, दीपक सिंह और रमेश सिंह को पदोन्नति देकर अलग-अलग डिपो में सहायक महाप्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा डिपो स्तर पर भी कई अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। निगम प्रबंधन की ओर से जारी इस आदेश के बाद परिवहन निगम के विभिन्न मंडलों और डिपो में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।

परिवहन व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर
निगम प्रबंधन के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, बसों का संचालन सुचारू रखना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने के बाद निगम की कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *