उत्तराखंड

नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा छात्रों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा

उत्तराखण्ड
11 जून 2026
नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा छात्रों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा
देहरादून। आगामी 21 जून को दोबार होने वाली NEET UG (National Eligibility cum Entrance Test Undergraduate) की परीक्षा को लेकर उत्तराखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. प्रदेश में नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलत होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जायेगी.

उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 का प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ मिलेगा. यह सुविधा अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो दिन पहले और परीक्षा समाप्त होने के दो दिन बाद तक के मान्य होगी. इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार सन्त ने प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम को आदेश जारी कर दिए गए हैं.

जारी आदेश के अनुसार यह सुविधा उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को ही अनुमन्य होगी, जो नीट (यूजी)-2026 की ओर से जारी प्रवेश पत्र के आधार पर ही मान्य होगी. यह सुविधा उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से संचालित केवल साधारण श्रेणी की बसों और परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग के लिए ही मान्य होगी.

इस सुविधा के तहत परीक्षा की तिथि से दो दिन पहले से लेकर परीक्षा की तिथि तक अभ्यर्थी अपने गृह स्थान या फिर वर्तमान प्रवास से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे. परीक्षा केंद्र से वापसी के लिए परीक्षा समाप्ति की तिथि से दो दिवस के भीतर अपने गृह स्थान या वर्तमान प्रवास के पते तक की वापसी यात्रा मान्य होगी.

दरअसल, 3 मई 2026 को नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा हुई थी, जिस परीक्षा के लिए 22.75 लाख बच्चों ने आवेदन किया था. इसमें से 22.05 लाख बच्चों ने परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को हुई NEET (UG) 2026 परीक्षा कैंसिल कर दिया था.

एनटीए का कहना था कि परीक्षा को कैंसिल करने का निर्णय ट्रांसपेरेंसी बनाए रखने और नेशनल परीक्षा सिस्टम में भरोसा बनाए रखने के हित में लिया गया है. साथ ही इस बात को कहा था कि नीट परीक्षा दोबारा होगी. ऐसे में अब 21 जून 2026 को नीट की परिक्षा होने जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *