उत्तराखंड

प्रेमी से मंगवाया जहर, फिर शराब में मिलाकर पति को पिला दिया

उत्तराखण्ड
4 मई 2026
प्रेमी से मंगवाया जहर, फिर शराब में मिलाकर पति को पिला दिया
काशीपुर में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की जहर देकर हत्या कर दी, फिर शव को नहर में फेंक दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि, अभी शव की तलाश जारी है.

दरअसल, काशीपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया. यह पूरा मामला 1 मई को सामने आया, जब यूपी के रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र निवासी चंद्रवती ने कोतवाली आईटीआई (काशीपुर) में तहरीर दी.

तहरीर में उन्होंने बताया कि बीती 25 अप्रैल को उनका बेटा कुलवंत सिंह अपनी पत्नी के पास काशीपुर के वांसखेड़ा गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वो वापस नहीं लौटा. जब परिजनों ने कुलवंत की पत्नी से पूछताछ की तो उसने गलत जानकारी देकर मामले को टालने की कोशिश की.

वहीं, स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से कुलवंत लापता है. संदेह गहराने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया, जिसमें एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पता चला कि महिला का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या निवासी मसवासी (रामपुर) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इतना ही नहीं घटना के समय दोनों की लोकेशन भी एक ही स्थान पर पाई गई. पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपना अपराध कबूल कर लिया.

महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और लगातार उसे प्रताड़ित करता था. इसी से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. योजना के तहत 25 अप्रैल को उसने अपने प्रेमी से जहर, शराब और अन्य सामान मंगवाया, फिर शराब में जहर मिलाकर अपने पति कुलवंत को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

हत्या के बाद महिला ने अपने प्रेमी को बुलाया और दोनों ने मिलकर शव को एक अल्टो कार में रखकर एनएच 74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम की बड़ी नहर में फेंक दिया. जिसके बाद दोनों वापस आ गए. उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए.

इसके बाद कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाए. सर्विलांस के साथ ही संदिग्धों से गहन पूछताछ की. जिसके तहत आरोपी पत्नी (उम्र 28 वर्ष) और उसके प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.

अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर ने बताया कि मामले में कुलवंत सिंह की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है. फिलहाल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नहर में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन मृतक का शव अभी तक बरामद नहीं हो पाया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *