रुद्रपुर: मामूली से विवाद में फायरिंग, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
उत्तराखण्ड
10 मई 2026
रुद्रपुर: मामूली से विवाद में फायरिंग, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
रुद्रपुर। जिला मुख्यालय रुद्रपुर से बड़ी खबर सामने आई है. रुद्रपुर के रम्पुरा चौकी क्षेत्र में शनिवार देर शाम को मामूली से विवाद में फायरिंग की गई. फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी सी मच गई थी. वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर कई युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिए.
जानकारी के मुताबिक रम्पुरा चौकी क्षेत्र में कटोरी मंदिर के पास देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक चाऊमीन विक्रेता पर कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से फायरिंग किए जाने की सूचना सामने आई. घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि कुछ युवक चाऊमीन खाने के लिए ठेले पर पहुंचे थे. खाने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों और दुकानदार के अनुसार युवक बिना पैसे दिए वहां से जाने लगे. इस पर दुकानदार ने उनसे कहा कि वह किसी को मुफ्त में खाना नहीं खिलाता और खाने का पैसा देना होगा. दुकानदार के मुताबिक युवकों ने उसे धमकाते हुए कहा कि “तू हमें नहीं जानता.” इस पर दुकानदार ने जवाब दिया कि वह किसी को नहीं जानता, लेकिन जिसने खाना खाया है, उसे पैसे देने होंगे.
इसके बाद युवक वहां से चले गए और जाते-जाते कुछ देर बाद वापस आने की बात कहकर धमकी दी. करीब दो से ढाई घंटे बाद वही युवक दोबारा मौके पर पहुंचे. दुकानदार का आरोप है कि युवकों ने आते ही उसके ऊपर फायरिंग कर दी.
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि मौके पर चार राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोलियों की आवाज से आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस को फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. वहीं कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि यदि किसी ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, पुलिस की पकड़ से ज्यादा दिनों तक दूर नहीं रह सकते. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है


