परिवहन विभाग में चली तबादला एक्सप्रेस, तीन आरटीओ व नौ एआरटीओ समेत 75 कार्मिक शामिल
उत्तराखण्ड
28 नवम्बर 2026
परिवहन विभाग में चली तबादला एक्सप्रेस, तीन आरटीओ व नौ एआरटीओ समेत 75 कार्मिक शामिल
देहरादून। शासन व परिवहन विभाग ने विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत एक ही स्थान पर तीन वर्ष व गृह जिलों में तैनात कार्मिकों के बड़ी संख्या में स्थानांतरण किए हैं। इनमें तीन संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) व नौ संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) समेत 75 कार्मिक शामिल हैं।
शासन ने अल्मोड़ा में तैनात अनिता चंद को सहायक परिवहन आयुक्त मुख्यालय के पद पर स्थानांतरित किया है। उनके स्थान पर पौड़ी में आरटीओ के पद पर तैनात द्वारिका प्रसाद को भेजा गया है। वहीं, अल्मोड़ा में तैनात नंद किशोर को संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) पौड़ी के पद पर तैनात किया गया है।
इसके अलावा शासन ने एआरटीओ मनीष तिवारी को काशीपुर, संदीप वर्मा को विकासनगर, विपिन कुमार सिंह को ऋषिकेश, रावत सिंह को हल्द्वानी, अशीत कुमार झा को टनकपुर, मनोज बगोरिया को अल्मोड़ा, आशीष भटगाई को विकासनगर, धर्मेंद्र सिंह बिष्ट को कोटद्वार और निखिलेश ओझा को कर्णप्रयाग में तैनाती दी गई है। इसके अलावा परिवहन मुख्यालय ने 33 परिवहन कर अधिकारी, नौ संभागीय निरीक्षक और 21 उप निरीक्षकों के भी स्थानांतरण किए हैं।


