नगर के मन्दिरों को बना रहे चोर अपना निशाना
उत्तराखण्ड
1 जून 2026
नगर के मन्दिरों को बना रहे चोर अपना निशाना
काशीपुर। नगर क्षेत्र में एक के बाद एक मंदिर में चोरियों की बढ़ती घटनाओं से भक्तों व नागरिकों में मंदिर की सुरक्षा को लेकर असंतोष पनपता दिखाई दे रहा है। खासकर चोरों ने कटोराताल पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित मंदिरों को अपना निशाना बनाया हुआ है।
जानकारी के मुताबिक बीती रात अज्ञात चोरों ने शमशान घाट रोड स्थित प्रांचीन गंगे बाबा मंदिर में धाबा बोल नाग देवता, कलश व तांबे का भारी भरकम लोटा चोरी कर लिया। वहीं मौहल्ला पक्काकोट स्थित नागनाथ मंदिर में भी बीती रात चोरों ने धवा बोल वहां से दान पात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी हजारों रूपये की नगदी चोरी करली। इतना ही नहीं चोरों ने हनुमान मंदिर समेत अन्य देवी-देवाताओं के मंदिर से भी कलश, घंटे व दानपात्र आदि भी चोरी कर लिये।
बतादें कि करीब तीन दिन पूर्व गंगे बाबा मंदिर से तांबे का लौटा, व भगवान हनुमान जी की गदा कुछ अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। सूचना पर पुलिस ने आज प्रातः मन्दिरों का मौका मुआयना करने के बाद चोरों की सुरागकसी के लिए घटना स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।


