दो गुटों के बीच विवाद – सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने 20 लोगों पर कार्यवाई
उत्तराखण्ड
8 अगस्त 2026
दो गुटों के बीच विवाद – सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने 20 लोगों पर कार्यवाई
हल्द्वानी। हल्द्वानी के पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद और भगदड़ की घटना पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है. सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने 20 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुखानी थाना क्षेत्र में हुए मामले में आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है. मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में पीलीकोठी चौराहे के पास रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति हो गई थी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. घटना 6/7 अगस्त की देर रात की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने अधिकारियों को घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए.
इसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 20 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया. सभी के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई. इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत सभी 20 लोगों का चालान करते हुए, कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया.
सीसीटीवी फुटेज में किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है. फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है. साथ ही दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान यदि मारपीट या कोई अन्य दंडनीय तथ्य सामने आता हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाह या हुड़दंग से बचने की अपील की है


