उत्तराखंड

जसपुर में श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी

उत्तराखण्ड
19 जून 2026
जसपुर में श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी
जसपुर। जसपुर क्षेत्र में कालू सैय्यद दरगाह जा रहा श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गया. हादसे में दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को चोटें आई हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

रामपुर से करीब 25 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर प्रसिद्ध कालू सैय्यद दरगाह पर दर्शन करने के लिए जा रहे थे. जब वाहन जसपुर क्षेत्र के बड़ियोवाला गांव के निकट पहुंचा, तभी रास्ते में एक ईरिक्शा को ओवरटेक करने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे के बाद ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने ट्रॉली में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की तथा घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर भेजा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रॉली में बैठे श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कई लोग ट्रॉली के नीचे दबने से बाल-बाल बच गए.

घायल श्रद्धालुओं में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसके बाद में सामान्य कर दिया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *