उत्तराखंड

गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय में सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने छात्रों को किया प्रेरित

उत्तराखण्ड
24 मई 2026
गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय में सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने छात्रों को किया प्रेरित
रुद्रपुर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर में आयोजित ज्ञान दीक्षा समारोह में राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. समारोह में उन्होंने अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें भी साझा की और मीडिया से बातचीत में विपक्ष द्वारा महंगाई को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी.

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में से एक है और उन्हें गर्व है कि वे स्वयं भी इस विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र रहे हैं. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा और दिशा दी, जिसे वे आज भी अपने जीवन में महसूस करते हैं. ज्ञान दीक्षा समारोह के अवसर पर उन्होंने अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश के विकास और समाज की प्रगति के लिए करें.

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और यदि युवा सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ आगे बढ़ें तो भारत विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकता है. उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया. समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया.कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार महंगाई को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास कर रहा है, लेकिन उन्हें यह भी देखना चाहिए कि विश्व के अन्य देशों में महंगाई की स्थिति क्या है. उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत ने आर्थिक मोर्चे पर बेहतर संतुलन बनाए रखा है और सरकार आम जनता को राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे पर राजनीति करने से पहले व्यापक अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को समझना जरूरी है. भारत आज वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है. ज्ञान दीक्षा समारोह के सफल आयोजन के बाद विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला. छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मुख्य अतिथि के विचारों से उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *