उत्तराखंड

कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक तथा चौकी प्रभारी पैगा लाइन हाजिर

उत्तराखण्ड
12 जुलाई 2026
कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक तथा चौकी प्रभारी पैगा लाइन हाजिर
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं. इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर एसएसपी ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ तथा चौकी प्रभारी पैगा उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है.

उधम सिंह नगर के एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कोतवाली आईटीआई में दर्ज विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी. साथ ही पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया जा रहा था. उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों के बावजूद कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा और विवेचनाओं की निगरानी में लापरवाही एवं शिथिलता पाई गई.इसी प्रकार चौकी पैगा के प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के कार्यों की समीक्षा में भी शिकायतों के निस्तारण में देरी तथा अपने दायित्वों के प्रति उदासीन रवैया सामने आया.

एसएसपी ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस लाइन रुद्रपुर संबद्ध (लाइन हाजिर) करने के आदेश जारी कर दिए.जारी आदेश के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़, जो कोतवाली आईटीआई में तैनात थे, तथा चौकी प्रभारी पैगा उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन रुद्रपुर के लिए रवाना होने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही आदेश के अनुपालन की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है. इस कार्रवाई के माध्यम से एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में पुलिस कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता को समयबद्ध और निष्पक्ष न्याय दिलाना है तथा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होगा. एसएसपी कार्यालय उधमसिंहनगर द्वारा जारी आदेश, जिसमें कोतवाली आईटीआई प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ एवं चौकी प्रभारी पैगा उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *