काशीपुर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित
उत्तराखण्ड
काशीपुर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित
काशीपुर/बरेली। भारतीय रेल पर संचालित विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में पूर्वाेत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों एवं सफाई मित्रों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा काशीपुर सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर रेल यात्रियों के साथ रेल जन संवाद के माध्यम से स्वच्छता से संबंधित सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया गया। स्टेशनों पर स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग तथा गीले, सूखे एवं अन्य प्रकार के कचरे के उचित पृथक्करण के महत्व के बारे में सफाई मित्रों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही, रेलवे परिसर में कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियों का पालन करने तथा स्वच्छता संबंधी सुरक्षा उपाय अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन कर विभिन्न बीमारियों से बचाव किया जा सकता है तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है।
इन रेल जन संवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता को प्रोत्साहित करना, प्रभावी कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा यात्रियों एवं सफाई मित्रों की सहभागिता से स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ रेलवे वातावरण सुनिश्चित करना है।


