काशीपुर में तहबाजारी का ठेका निरस्त
उत्तराखण्ड
22 अक्टूबर 2026
काशीपुर में तहबाजारी का ठेका निरस्त
काशीपुर। तहबाजारी वसूली के दौरान लोगों से दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर दीपक बाली ने तहबाजारी का ठेका निरस्त कर दिया है। अब नगर निगम अपने कर्मचारियों के माध्यम से शुल्क वसूलेगा। महापौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि तहबाजारी शुल्क में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की गई है और पूर्व निर्धारित दरें ही लागू रहेंगी। नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा और कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ की मौजूदगी में महापौर दीपक बाली ने कहा कि शुल्क की दरों और स्लैब को सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को निर्धारित शुल्क की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि नगर निगम कर्मचारियों के दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अन्य ठेकों में अनियमितता या शर्तों के उल्लंघन पर भी नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे। महापौर ने बताया कि सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार की ओर से चार सफाई निरीक्षक उपलब्ध कराए गए हैं। अलीगंज रोड और शुगर फैक्ट्री रोड के साप्ताहिक बाजारों में अतिक्रमण, जाम तथा प्रकाश व्यवस्था की समस्याओं पर भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। नगर निगम परिसर में बन रहे कंट्रोल रूम के माध्यम से आरएफआईडी तकनीक से कूड़ा उठान की निगरानी की जाएगी। घरों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर टैग लगाकर यह पता लगाया जा सकेगा कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी निर्धारित स्थान और समय पर पहुंची या नहीं। महापौर ने नागरिकों से सर्वे और टैग लगाने वाली टीम को सहयोग देने की अपील की। महापौर ने बताया कि शहर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पहले चरण में लगभग 150 सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि तकनीक आधारित निगरानी से स्वच्छता व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ेगी और महिलाओं सहित नागरिकों की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।


