एसआईआर ड्यूटी पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हार्टअटैक से मौत
उत्तराखण्ड
9 जून 2026
एसआईआर ड्यूटी पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हार्टअटैक से मौत
काशीपुर। एसआईआर ड्यूटी पर तैनात एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हार्टअटैक से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया।
जिला रामपुर के अकबराबाद एवं हाल जसपुर खुर्द पाकिजा कॉलोनी निवासी परवीन जहां (37) पत्नी रईस अहमद क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। उनकी ड्यूटी एसआईआर में लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि बीते रविवार को वह पति के साथ अपनी बहन के घर अलीगंज जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने जूस पीया। जूस पीने के कुछ समय बाद उल्टी हुई और सांस लेने में परेशानी होने लगी।
पति रईस अहमद ने बताया कि वह उन्हें एक निजी डॉक्टर के पास लेकर गए जहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि वह अपने पीछे दो बच्चों बेटा मोहम्मद अरहान (7) व बेटी लीजा (8) और परिजनों को रोता-बिलखता छोड़ गई हैं। रईस अहमद ने बताया कि वह शव को अपने पैतृक गांव जिला रामपुर के ग्राम अकबराबाद ले गए जहां सोमवार सुबह उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
एसआईआर में ड्यूटी लगाने से आक्रोश
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत की सूचना से अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उन लोगों से बहुत अधिक काम लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फरवरी से उनको आधा मानदेय मिला है। अब उन्हें एसआईआर का काम और दे दिया गया है जिसके चलते कार्यकर्ता मानसिक रूप से परेशान हो रही हैं। उन्हें प्रतिदिन 50 फार्म बांटने और इसके बाद उसका डाटा एंट्री 14 जुलाई तक पूरा करना है। इस भीषण गर्मी के बीच इस कार्य को करने में परेशानी खड़ी हो रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता परवीन जहां की ड्यूटी एसआईआर में लगी थी। सोमवार से उनको ड्यूटी पर आना था। जानकारी मिली है कि बीते रविवार की शाम को हार्टअटैक से उनका निधन हो गया है। वह अपनी ससुराल जा रही थीं कि रास्ते में उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और उनका निधन हो गया। – अभय प्रताप सिंह, एसडीएम काशीपुर


