स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वाेपरि, ऊधम सिंह नगर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान
उत्तराखण्ड
19 नवम्बर 2026
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वाेपरि, ऊधम सिंह नगर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान
रूद्रपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिलेभर में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूल बसों और वैन की सघन जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान पुलिस की टीमें स्कूली वाहनों के जरूरी दस्तावेजों से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक का बारीकी से निरीक्षण कर रही हैं। इसमें वाहनों की आरसी, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और बीमा की वैधता की जांच की जा रही है। इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित क्षमता के अनुसार बच्चों को बैठाने की व्यवस्था भी परखी जा रही है।
पुलिस द्वारा वाहनों में इमरजेंसी गेट, अग्निशमन उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स और अन्य जरूरी सुरक्षा सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि स्कूली बच्चों की यात्रा सुरक्षित बनाई जा सके।
स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से पुलिस की अपील
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। स्कूली वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण और वैध दस्तावेज अनिवार्य रूप से रखें। साथ ही यातायात नियमों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें।
पुलिस का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।


