उत्तराखंड

रुद्रपुर : मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष

उत्तराखण्ड
27 नवम्बर 2026
रुद्रपुर : मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष
रुद्रपुर। रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकने पर आरोपियों ने एक सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भांजे समेत तीन अन्य लोगों पर भी चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

बीती शाम रेशमबाड़ी निवासी 50 वर्षीय लीलाधर पुत्र बिहारी लाल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि घर के पास ही कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे. युवकों की इस हरकत को देखकर लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने उन्हें ऐसा करने से मना किया. इस बात पर युवक भड़क गए और उन्होंने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी.

भांजे के साथ मारपीट होते देख लीलाधर मौके पर पहुंच गए. उन्होंने राहुल को बचाने के लिए बीच-बचाव किया और युवकों द्वारा किए जा रहे हंगामे पर नाराजगी जताई. आरोप है कि उनकी यह बात युवकों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने लीलाधर पर चाकू से हमला बोल दिया. हमलावरों ने राहुल को भी नहीं बख्शा और उसके अलावा रामअवतार पुत्र जौहरी लाल तथा अनुज पुत्र सुखदेव पर भी चाकू से वार कर दिए.

अचानक हुए इस हमले में चारों लोग लहूलुहान होकर घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने 50 वर्षीय लीलाधर को मृत घोषित कर दिया. वहीं, चाकू लगने से घायल राहुल, रामअवतार और अनुज का उपचार शुरू किया गया. एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई.

घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
-प्रमोद कुमार, एसपी सिटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई. रुद्रपुर के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है.

पिता ने बेटे पर लोहे के सरिये से किया जानलेवा हमला – रुद्रपुर में एक बार फिर सनसनीखेज घटना सामने आई है. शहर की इंदिरा कॉलोनी में एक पिता ने अपने ही बेटे पर लोहे के सरिये से जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि पिता ने बेटे के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे उसके सिर में तीन गंभीर घाव हो गए. गंभीर रूप से घायल युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

यह घटना 22 नवंबर की है, रुद्रपुर इंदिरा कॉलोनी निवासी अनिल शादी-विवाह और पार्टियों की एल्बम बनाने का काम करता है. आरोप है कि इसी दौरान उसके पिता सुरेश ने उस पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया. हमले में अनिल के सिर पर कई गंभीर चोटें आईं. बताया जा रहा है कि सरिये के वार से उसके सिर में तीन जगह गहरे घाव हो गए. घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाए. इसके साथ ही हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया भी बरामद कर लिया गया. पुलिस ने बरामद हथियार को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है.

इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही कि एक पिता अपने ही बेटे की जान का दुश्मन बन गया. फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं. घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है. मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
-विभव सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी-

फिलहाल पुलिस की टीमें फरार पिता सुरेश की तलाश में जुटी हैं. वहीं, घायल अनिल की हालत गंभीर बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *