मंच का शुद्धिकरण किए जाने के प्रकरण में अलका पाल ने पुलिस को सौंपी तहरीर
उत्तराखण्ड
1 सितम्बर 2026
मंच का शुद्धिकरण किए जाने के प्रकरण में अलका पाल ने पुलिस को सौंपी तहरीर
काशीपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष/महानगर अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने विगत दिनों हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण किए जाने के प्रकरण में पुलिस द्वारा अब तक कोई भी कार्यवाही न किए जाने को लेकर कोतवाली काशीपुर में एफआई आर दर्ज किए जाने बाबत तहरीर सौंपी है। महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि भाजपा खुलेआम असामाजिक तत्वों को संरक्षण दे रही है। जिस तरह की घटना कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के बाद सभा स्थल पर हुई, वह देश में असमानता को बढ़ावा देने की साजिश है। भाजपा और उसके अनुसांगिक संगठन देश में विद्वेष की राजनीतिक कर रहे हैं। उक्त प्रकरण में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ शीघ्र मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कौन से कारण हैं कि भाजपा संविधान का उल्लंघन करने वालों को संरक्षण दे रही है, जबकि संविधान की रक्षा का संकल्प लेने वाले राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत भाजपा पर फिट बैठती है।


