उत्तराखंड

भारतीय जनता पार्टी ने निकाली देहरादून में तिरंगा यात्रा

उत्तराखण्ड
9 अगस्त 2026
भारतीय जनता पार्टी ने निकाली देहरादून में तिरंगा यात्रा
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी यात्रा में मौजूद रहे।

गांधी पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा घंटाघर, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक, कनक चौक और ओरिएंट सिनेमा होते हुए वापस गांधी पार्क पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय सेना के पराक्रम और वीरता को नमन किया।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में भारतीय सेना का योगदान अतुलनीय है और सेना के साहस एवं शौर्य पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। उन्होंने उत्तराखंड के वीर सैनिकों और सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि का देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों को भी नमन किया। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा लगाने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *