उत्तराखंड

पहाड़ों में जमकर बारिश, रामनगर में बेलगढ़ नाला उफान पर, दोनों तरफ वाहनों की लगी लंबी कतारें

उत्तराखण्ड
1 सितम्बर 2026
पहाड़ों में जमकर बारिश, रामनगर में बेलगढ़ नाला उफान पर, दोनों तरफ वाहनों की लगी लंबी कतारें
रामनगर/नैनीताल/चमोली। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में जमकर बारिश हो रही है. बारिश के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. रामनगर में बेलगढ़ नाला उफान पर आ गया है. जिसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लगी लंबी कतारें लग गई हैं. थराली-देवाल मोटर मार्ग पर नंदकेसरी और कोठी के बीच अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा. पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिरने के कारण मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई.

नैनीताल जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 31 अगस्त की सुबह साढ़े नौ बजे तक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटे में प्योरा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 154 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. कालाढूंगी में 102 मिलीमीटर, खनस्यू में 62 मिलीमीटर, मुक्तेश्वर में 55.1 मिलीमीटर और हल्द्वानी में 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारिश के चलते जिले में सड़क कनेक्टिविटी भी प्रभावित हुई है. रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में पांच राज्य मार्ग और 20 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं. रामनगर क्षेत्र में गार्जिया-बेतालघाट-खैरना और रामनगर-भंडारपानी मार्ग प्रभावित हैं.

भवाली क्षेत्र में धानाचूली-खनस्यू-ओखलकांडा, रानीबाग-इमलधुरा-पदमपुरी और हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग बाधित बताए गए हैं. नैनीताल, हल्द्वानी, ज्योलीकोट और काठगोदाम क्षेत्र के कई ग्रामीण मार्ग भी बारिश की वजह से प्रभावित हुए हैं. प्रशासन की ओर से संबंधित खंडों और विभागों को जल्द से जल्द मार्ग खोलने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि बाधित मार्गों को खोलने की कार्रवाई गतिमान है. इन्हें खोलने की संभावित तिथि आज की निर्धारित की गई है.

रामनगर में मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. देर शाम से हो रही लगातार तेज बारिश के बाद रामनगर-हल्द्वानी राज्य मार्ग पर स्थित बैलगढ़ का बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया. नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि यहां से गुजरने की कोशिश कर रहा एक बाइक सवार अचानक अनियंत्रित होकर गिरते-गिरते बचा और बहते-बहते बच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सवार को सुरक्षित बचा लिया. बताया जा रहा है कि तेज बहाव के बावजूद कुछ लोग जल्दबाजी में नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते हादसे का खतरा बना हुआ है.

चमोली जिले में बारिश के बाद थराली-देवाल मोटर मार्ग पर नंदकेसरी और कोठी के बीच अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा. पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिरने के कारण मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई. गनीमत रही कि भूस्खलन के समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था.
भूस्खलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची. सड़क को यातायात के लिए सुचारु करने के प्रयास शुरू किए. पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क खोलने के काम में भी दिक्कतें आ रही हैं. मार्ग बंद होने से थराली और देवाल क्षेत्र के बीच आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *