नगर में “साहित्य कुंभ एवं पुस्तक मेला 2026” का आयोजन

गोपाल ठाकुर – संवाददाता
उत्तराखण्ड
24 मई 2026
नगर में “साहित्य कुंभ एवं पुस्तक मेला 2026” का आयोजन
काशीपुर। शहर में साहित्य प्रेमियों, कवियों, लेखकों और पाठकों के लिए पहली बार एक भव्य और यादगार आयोजन होने जा रहा है। साहित्य आराधना मंच द्वारा आगामी 30 मई 2026 को “साहित्य कुंभ एवं पुस्तक मेला 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन काशीपुर के साहित्यिक इतिहास में एक नई शुरुआत माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्थानीय साहित्यकारों को मंच प्रदान करना और साहित्य के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. रजनीश कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भव्य आयोजन शनिवार शाम 6 बजे से शगुन गार्डन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों के साहित्यकार, कवि, लेखक, शिक्षाविद, विद्यार्थी और साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य काशीपुर के साहित्यकारों को व्यापक पहचान दिलाना, स्थानीय लेखकों और रचनाकारों का उत्साहवर्धन करना तथा पाठकों और साहित्यकारों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने और लेखन के प्रति प्रेरित करने का भी प्रयास किया जाएगा।
“साहित्य कुंभ एवं पुस्तक मेला 2026” की सबसे खास बात यह होगी कि कार्यक्रम में शहर के 40 साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न साहित्यिक विधाओं में योगदान देने वाले इन साहित्यकारों को मंच पर सम्मान देकर उनके कार्यों को सराहा जाएगा।
कार्यक्रम में पुस्तक प्रदर्शनी एवं बिक्री भी आकर्षण का केंद्र रहेगी, जहां विभिन्न विषयों और विधाओं की पुस्तकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा साहित्यिक गोष्ठी, काव्य पाठ, युवा लेखकों के लिए प्रेरक सत्र तथा साहित्यिक संगम जैसी अनेक सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजकों में विनोद भगत अग्रस, सुरेश कुमार शर्मा तथा सुनील कोठारी भी शामिल हैं, जो आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने शहर के साहित्य प्रेमियों, कवियों, लेखकों, विद्यार्थियों और पाठकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन काशीपुर में साहित्यिक वातावरण को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करेगा।


