झनकईया मेले में मुख्यमंत्री ने अपने साथियों के साथ मेले में आकर उठाया सिंघाड़े, जलेबी का लुत्फ
उत्तराखण्ड
24 नवम्बर 2026
झनकईया मेले में मुख्यमंत्री ने अपने साथियों के साथ मेले में आकर उठाया सिंघाड़े, जलेबी का लुत्फ
खटीमा। झनकईया मेले में वोकल फॉर लोकल का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने जलेबी और सिंघाड़े खरीदे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बचपने से ही झनकईया मेले में आते रहे हैं। उन्हें झनकईया मेले का बेसब्री से इंतजार रहता था। वह अपने साथियों के साथ मेले में आकर सिंघाड़े, जलेबी आदि का लुत्फ उठाते थे। उस समय में झूलों की संख्या अधिक हुआ करती थी।
उन्होंने कहा कि मेले में सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के पूरनपुर, गभिया, रामनगर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, लखीमपुर, मैलानी और सीतापुर से भी बड़ी संख्या में व्यापारी व नागरिक प्रतिभाग करते हैं। मेले में थारू समाज के लोगों की भी बड़ी भागीदारी रहती है, जिनके पारंपरिक रीति-रिवाज, लोकगीत, लोक नृत्य और सांस्कृतिक विरासत मेले को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के लोग सवेरे, शाम, दिन और रात के समय मेले में पहुंचते हैं। बंगाली व पंजाबी समाज की महिलाओं सहित सभी वर्गों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है।


