उत्तराखंड

काशीपुर में राष्ट्र सेविका समिति उत्तराखंड प्रान्त का पथ संचलन संपन्न, 160 बहिनों के पथ संचलन व घोष वादन का अनुशासित प्रदर्शन

उत्तराखण्ड
9 जून 2026
काशीपुर में राष्ट्र सेविका समिति उत्तराखंड प्रान्त का पथ संचलन संपन्न, 160 सेविका बहिनों ने लिया हिस्सा
काशीपुर। राष्ट्र सेविका समिति, उत्तराखंड प्रांत का स्थानीय अलीगंज मार्ग स्थित तारावती सरोजिनी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज में चल रहे प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत सोमवार, 8 जून 2026 को नगर में पथ संचलन का आयोजन किया गया। पूर्ण गणवेश (यूनिफॉर्म) में कदम से कदम मिलाकर चलतीं उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आईं लगभग 160 बहिनों के पथ संचलन व घोष वादन का अनुशासित प्रदर्शन हुआ।

पथ संचलन का शुभारंभ सायंकाल ठीक 6.00 बजे स्थानीय श्री रामलीला मैदान से हुआ। यहाँ से संचलन नगर के मुख्य चौराहे, मेन बाज़ार, हलवाई लाइन, रतन सिनेमा रोड, माता मंदिर मार्ग और चीमा चौराहा होते हुए वापस श्री रामलीला मैदान पर पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन के दौरान समूचा मार्ग वंदे मातरम और भारत माता की जय के उद्घोषों से गुंजायमान रहा व नगर में अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर राष्ट्र सेविकाओं का स्वागत व उत्साहवर्धन किया गया।

विदित है कि राष्ट्र सेविका समिति द्वारा प्रतिवर्ष बहनों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए प्रांतीय स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष यह प्रशिक्षण वर्ग काशीपुर में आयोजित हो रहा है, जिसमें पूरे उत्तराखंड प्रांत से 159 सेविकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। पथ संचलन इसी प्रशिक्षण का एक अनिवार्य और महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो समाज में नारी शक्ति के संगठन और उनकी सामर्थ्य को भी प्रदर्शित करता है।

इस अवसर पर वर्ग अधिकारी श्रीमती ललिता जी, वर्ग कार्यवाहिका श्रीमती माधवी सिंघल जी, वर्ग सर्व व्यवस्था प्रमुख नीरजा चौधरी जी, प्रांत कार्यवाहिका श्रीमती भावना त्यागी जी, प्रांत सह-बौद्धिक प्रमुख श्रीमती कृष्णा जी एवं प्रांत शारीरिक प्रमुख रितिका जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में समिति की नगर टोली की अन्य बहनों और स्थानीय कार्यकर्ताओं का सहयोग भी उल्लेखनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *